सीएम धामी ने श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का किया शुभारंभ

IMG_20261123_192150

श्रीनगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और स्थानीय उत्पादों के स्टॉलों का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने, नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण और श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेली सेवा शुरू करने की घोषणा की। इसके अलावा विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग के साथ धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाटों का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

सीएम धामी ने कहा कि श्रीनगर में करीब 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना और 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी का निर्माण कार्य जारी है। क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क और पार्किंग सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से क्षेत्र में पर्यटन और कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। वहीं, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं सहित सहायिकाओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि की जाएगी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि श्रीनगर में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण और ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ पुस्तक का विमोचन भी किया।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love