उत्तराखंड को मिले 36 नए नायब तहसीलदार, CM धामी ने दिए नियुक्ति पत्र
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने सभी चयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया। चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियां शामिल हैं, जिनकी सफलता को मुख्यमंत्री ने अन्य युवतियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने अधिकारियों से नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें। दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने आपदा के दौरान क्षति का सही आकलन कर प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाने और भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत बिना किसी दबाव या सिफारिश के निष्पक्ष निर्णय लेने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से प्रदेश सरकार के मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को अपनी कार्यशैली में शामिल करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। वहीं, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि राजस्व प्रशासन के माध्यम से आमजन को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
