उत्तराखंड में आवासीय भवनों में आग की घटनाएं अब आपदा घोषित, मिलेगी राहत राशि
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को अब आपदा माना जाएगा और प्रभावित परिवारों को SDRF के मानकों के अनुसार राहत राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिकों, पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के सेवानिवृत्त कर्मियों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देने की घोषणा की। साथ ही, शिक्षण संस्थानों में प्रत्येक 1,000 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा।
धामी ने कहा कि आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को पुरस्कृत किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने IRS पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन भी किया।
सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे साहस, धैर्य और बेहतर समन्वय की ऐतिहासिक मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि करीब 17 दिनों के प्रयासों के बाद सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था।
कार्यक्रम में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि प्रदेश में 133 क्विक रिस्पॉन्स टीमें गठित की गई हैं, जिनमें 2,250 सदस्य शामिल हैं। वहीं, भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
