उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन दिवस पर मॉक ड्रिल, 1,200 से अधिक स्थानों पर अभ्यास

IMG_20261128_214707

देहरादून: उत्तराखंड में आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार को प्रदेश के सभी 13 जिलों में मॉक ड्रिल आयोजित की गई। चार दिवसीय कार्यक्रमों के दौरान 1,200 से अधिक स्थानों पर मॉक ड्रिल और 3,000 से अधिक स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने हिस्सा लिया।

सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की वर्षगांठ पर पहली बार मनाए गए आपदा प्रबंधन दिवस के तहत भूकंप, भूस्खलन, बाढ़, बादल फटने, अग्निकांड और भगदड़ जैसी परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। इसका उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को परखना था।

आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) पहुंचकर मॉक ड्रिल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसईओसी के ड्यूटी ऑफिसर की जिम्मेदारियों से जुड़ी एसओपी का विमोचन भी किया गया।

देहरादून में रात 10:05 बजे बजेगा सायरन

वहीं, देहरादून में सिविल डिफेंस की ओर से रात 10:05 बजे ‘नाइट एयर रेड’ और ‘ब्लैकआउट’ मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान दो मिनट तक एयर रेड अलर्ट का सायरन बजेगा, जबकि रात करीब 10:30 बजे दोबारा सायरन बजाकर ‘ऑल क्लियर’ का संकेत दिया जाएगा।

यह अभ्यास कैपरी ट्रेड सेंटर, बन्नू स्कूल और DEAL में होगा। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सायरन सुनकर घबराएं नहीं। यह किसी वास्तविक खतरे का संकेत नहीं, बल्कि पूर्व निर्धारित मॉक ड्रिल का हिस्सा है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो

Spread the love