पीपलकोटी टनल हादसा: 9 मजदूरों की मौत, 14 घायल; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

file_000000003c708211a927ca5a1a801deb

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में THDC की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे में 9 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 14 घायल हैं। टनल में फंसे लोगों की तलाश और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मलबे और पानी के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

टनल में कैसे हुआ हादसा?

मायापुर-पीपलकोटी स्थित विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में गुरुवार शाम अचानक भूधंसाव के साथ पानी और मलबा भर गया। करीब 3 किलोमीटर लंबी टनल के लगभग 1.5 किलोमीटर हिस्से में यह स्थिति बनी, जिससे कई श्रमिक अंदर फंस गए।

डीएम कर रहे रेस्क्यू की निगरानी

जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत-बचाव अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं। NDRF, SDRF, ITBP, पुलिस और अन्य टीमें मलबा हटाने और फंसे लोगों को निकालने में जुटी हैं।

सीएम धामी ने लिया घटनास्थल का जायजा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खराब मौसम के बीच पीपलकोटी पहुंचे और टनल हादसे के बाद चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से अभियान की जानकारी लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद सीएम ने जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचकर घायल श्रमिकों का हालचाल भी जाना।

टिहरी के प्रदीप पंवार की भी मौत

हादसे में टिहरी जिले के थौलधार ब्लॉक के गंवार गांव निवासी प्रदीप पंवार की भी मौत हुई है। हादसे के बाद उनके परिवार और गांव में मातम पसरा है। अन्य मृतकों में मुकेश, दुर्लभ शर्मा, विजय, जितेंद्र, लोकेश्वर और घुनेश्वर समेत अन्य श्रमिक शामिल हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

टनल से श्रमिकों को निकालने और लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है। प्रशासन ने लोगों की जानकारी के लिए 0135-2710334, 82188 67005 और 1070 हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

हिमालयन लाइव ब्यूरो