उत्तराखंड में 1 सितंबर से खेल महाकुंभ-2026, 30 अक्टूबर तक होंगी प्रतियोगिताएं
देहरादून: उत्तराखंड में खेल महाकुंभ-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की कार्ययोजना के अनुसार खेल महाकुंभ का आयोजन 1 सितंबर से 30 अक्टूबर 2026 तक न्याय पंचायत, विधानसभा, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तर पर किया जाएगा।
न्याय पंचायत स्तर की प्रतियोगिताएं 1 से 10 सितंबर, विधानसभा स्तर की विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी 11 से 20 सितंबर और संसदीय क्षेत्र स्तर की सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी 21 से 30 सितंबर तक होगी। राज्य स्तर की मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं 10 सितंबर से 30 अक्टूबर तक आयोजित होंगी।
न्याय पंचायत स्तर पर अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर पर वॉलीबाल, पिट्टू, मलखंब, रस्साकसी, फुटबाल और बैडमिंटन समेत विभिन्न खेल शामिल हैं।
राज्य स्तर पर जूडो, बॉक्सिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, कराटे, बास्केटबाल, हॉकी, तैराकी, तीरंदाजी, कुश्ती, पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग और लॉन टेनिस समेत कई प्रतियोगिताएं होंगी। महिला ओपन और दिव्यांगजन वर्ग के लिए भी प्रतियोगिताएं निर्धारित की गई हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खेल महाकुंभ का उद्देश्य युवाओं की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
