चमोली टनल रेस्क्यू ऑपरेशन 117 घंटे बाद पूरा: 12 श्रमिक सुरक्षित, 10 की मौत
चमोली: हाट-सियासैण, मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को पानी का रिसाव और भूस्खलन होने के बाद शुरू किया गया करीब 117 घंटे लंबा रेस्क्यू अभियान मंगलवार को सफलतापूर्वक पूरा हो गया। टनल में फंसे और लापता सभी प्रभावित श्रमिकों को बाहर निकाल लिया गया। हादसे में 12 श्रमिक सुरक्षित रेस्क्यू किए गए, जबकि 10 की मौत हुई।
हादसे के बाद जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना, डीडीआरएफ, सीआईएसएफ, टीएचडीसी सहित विभिन्न एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। टनल से पानी निकालने, मलबा हटाने और संभावित स्थानों पर सर्च के लिए आधुनिक उपकरणों व सक्शन पंप का इस्तेमाल किया गया।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने पूरे अभियान की लगातार निगरानी करते हुए सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया। रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
अभियान के अंतिम चरण में दो और श्रमिकों को बाहर निकाला गया, जिसके बाद टनल में फंसे सभी श्रमिकों को निकालने की पुष्टि हुई। हादसे में मृत 10 श्रमिकों की पहचान भी कर ली गई है।
रेस्क्यू अभियान में आईटीबीपी, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, सीआईएसएफ, पुलिस, जिला प्रशासन और टीएचडीसी समेत सभी संबंधित एजेंसियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
