सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से छाए पौड़ी के स्कूल, डीएम ने किया सम्मानित

file_00000000e40c8211a4b8fd3678c43e47

पौड़ी गढ़वाल: स्वतंत्रता दिवस समारोह में शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले विद्यालयों को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सम्मानित किया। जिला मुख्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालयों के प्रतिनिधियों को सम्मानित कर बच्चों की प्रतिभा और उत्साह की सराहना की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में नई ऊर्जा और उमंग भर दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को उचित मंच और प्रोत्साहन मिलने से उनका आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को मंच देने और उनकी प्रतिभा निखारने में शिक्षकों के योगदान की भी प्रशंसा की।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पौड़ी नगर, राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर तिमली, राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय नंबर-5 और नेहरू मॉन्टेसरी स्कूल समेत विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, लोक संस्कृति और सामाजिक विषयों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी थीं।

विद्यालय प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्वों के मंच पर बच्चों को प्रतिभा दिखाने और सम्मान पाने का अवसर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को और निखारने के लिए प्रेरित करते हैं।

हिमालयन लाइव ब्यूरो