NIM के पर्वतारोहियों ने रचा इतिहास, नुन-कुन की 3 चोटियों पर सफल आरोहण
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), उत्तरकाशी द्वारा संचालित चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इस दौरान उन्होंने माउंट एकांकागुआ और नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण करने वाले पर्वतारोहियों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने पर्वतारोहियों के साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां उत्तराखंड और देश के युवाओं को साहसिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करेंगी।
NIM और JIM&WS, पहलगाम के संयुक्त अभियान दल ने 6,961 मीटर ऊंचे माउंट एकांकागुआ पर 22 फरवरी 2026 को सफल आरोहण किया। अभियान का नेतृत्व कर्नल हेम चंद्र सिंह ने किया।
वहीं, NIM के नुन-कुन अभियान-2026 के तहत दल ने 15 अगस्त को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन, 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन पर सफल आरोहण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के लिए अपार संभावनाएं रखती हैं। ऐसे अभियान प्रदेश की साहसिक पर्यटन की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
