उत्तराखंड कांग्रेस में बड़ा उलटफेर, हरीश रावत ने सभी पदों से दिया इस्तीफा
देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस में जारी कलह के बीच पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पार्टी के सभी संगठनात्मक पदों से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर फैसले की वजह बताई।
रावत ने अपने पूर्व सहयोगी चंदन सिंह जीना के ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि यदि ओएमआर शीट से छेड़छाड़ या ग्राम सेवक भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी के सबूत जीना के खिलाफ मिलते हैं, तो यह उनके लिए बड़ी शर्मिंदगी की बात होगी। हालांकि, उन्होंने जीना पर लगे आरोपों पर भरोसा नहीं होने की बात कही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है और उनके किसी भी कृत्य से पार्टी के संघर्ष को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। इसी वजह से वह उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी के सदस्य और कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य के पद से हट रहे हैं।
भर्ती प्रक्रिया पर भी बोले रावत
रावत ने कहा कि उनके करीब तीन साल के कार्यकाल में 42 हजार से अधिक सरकारी पदों पर भर्तियां हुईं। उन्होंने कहा कि यदि भर्ती प्रक्रिया में कोई ‘एरर ऑफ जजमेंट’ हुआ है, तो वह उत्तराखंड की जनता से माफी मांगते हैं।
कौन हैं चंदन सिंह जीना?
चंदन सिंह जीना 2014 से 2017 तक हरीश रावत के ओएसडी रहे थे। भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में ईडी ने उनके ठिकानों पर छापेमारी की थी। ईडी के अनुसार, कार्रवाई में 32 लाख रुपये नकद, 12 लग्जरी घड़ियां और करीब 200 ग्राम सोना बरामद हुआ।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
