उत्तराखंड में विंटर टूरिज्म की बहार, आदि कैलास-मुनस्यारी के लिए 30-35% बुकिंग
पिथौरागढ़: मानसून की विदाई के साथ ही उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों में शरदकालीन और विंटर टूरिज्म की गतिविधियां तेज हो गई हैं। आदि कैलास, ओम पर्वत और मुनस्यारी में पर्यटकों व श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी है। अक्टूबर के लिए मुनस्यारी के होटलों में करीब 30 से 35 प्रतिशत बुकिंग हो चुकी है।
आदि कैलास यात्रा के दूसरे चरण की आधिकारिक तिथि अभी तय नहीं हुई है, लेकिन मौसम साफ होने के बाद श्रद्धालु धारचूला और उच्च हिमालयी क्षेत्रों की ओर पहुंच रहे हैं। प्रशासन की अनुमति और यात्रा की तारीख घोषित होने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
हालांकि, धारचूला से कूलागाड़ तक सड़क मार्ग अभी पूरी तरह सुचारु नहीं है। उच्च हिमालयी क्षेत्र में यात्रा मार्ग अपेक्षाकृत दुरुस्त बताया जा रहा है। सड़क मार्ग सामान्य होने के बाद यात्रा में तेजी आने की संभावना है।
मुनस्यारी में बुकिंग बढ़ी
स्थानीय पर्यटन कारोबारियों के अनुसार, अक्टूबर के लिए होटल बुकिंग शुरू हो चुकी है। शुरुआती बुकिंग में बंगाल के पर्यटकों की संख्या अधिक है। दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में बंगाली पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है, जिससे होटल, होम स्टे, टैक्सी और अन्य पर्यटन कारोबार को फायदा मिलेगा।
बारिश के बाद साफ मौसम में मुनस्यारी से हिमालयी चोटियों के बेहतर नजारे दिखाई देते हैं। ऐसे में आदि कैलास यात्रा और बढ़ती होटल बुकिंग को सीमांत क्षेत्र के पर्यटन कारोबार के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
