मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन में गूंजा विकसित उत्तराखंड का संकल्प, 2.67 लाख छात्रों ने भेजे विचार
देहरादून: हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत छात्रों ने पलायन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और पर्यावरण से जुड़े सुझाव साझा किए।
अभियान में 2,67,744 विद्यार्थियों ने निबंध और अपने विचार भेजे। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की सोच विकसित उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
युवाओं से बोले सीएम- नौकरी देने वाले बनें
सीएम धामी ने युवाओं से केवल नौकरी तलाशने के बजाय नौकरी देने वाला बनने का लक्ष्य रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार के लिए बाहर जाना हमेशा नकारात्मक नहीं है, बल्कि अनुभव हासिल कर युवा प्रदेश के विकास में योगदान दे सकते हैं।
विद्यार्थियों ने पहाड़ों में रोजगार, पलायन रोकने, खेती, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सुझाव दिए। स्वास्थ्य सुविधाओं को गांवों तक पहुंचाने और स्कूलों में कौशल विकास प्रशिक्षण की जरूरत भी बताई।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि 2047 का उत्तराखंड युवाओं के सपनों, संकल्प और मेहनत से बनेगा।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
