तमकनाला आपदा पर CM धामी की नजर, राहत-बचाव और कनेक्टिविटी बहाली तेज

IMG-20260811-WA0002

देहरादून: चमोली के ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में बेली ब्रिज बहने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी चमोली और गढ़वाल मंडल आयुक्त से जानकारी लेते हुए राहत-बचाव, जरूरी सामान की आपूर्ति और कनेक्टिविटी जल्द बहाल करने के निर्देश दिए हैं।

सीएम धामी ने प्रभावित क्षेत्रों में राशन, दवाइयों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति निर्बाध रखने तथा जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों से सामग्री पहुंचाने को कहा है। अधिकारियों को ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने और आवाजाही बहाली के लिए तत्काल विकल्प तलाशने के निर्देश दिए गए हैं।

बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखने के निर्देश हैं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) से चमोली समेत संवेदनशील क्षेत्रों पर 24×7 निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव एजेंसियां लगातार समन्वय में हैं।

सोमवार को तमकनाला में अत्यधिक जलप्रवाह के कारण 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा द्वारा निर्मित बेली ब्रिज बह गया था। तेज बहाव में एक व्यक्ति और एक कैंपर वाहन के बहने की सूचना मिली थी। घटना के बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें राहत-बचाव के लिए सक्रिय की गईं।

हिमालयन लाइव ब्यूरो

 

Spread the love