धारी देवी मंदिर में पार्किंग की समस्या होगी दूर, 100 वाहनों के लिए बनेगी आधुनिक पार्किंग

IMG-20261115-WA0002

पौड़ी: उत्तराखंड के प्रसिद्ध मां धारी देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही पार्किंग की बेहतर सुविधा मिल सकती है। मंदिर के समीप करीब 100 वाहनों की क्षमता वाली आधुनिक दो मंजिला पार्किंग बनाने की योजना पर काम आगे बढ़ रहा है। इसके लिए 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर ली गई है और भूमि हस्तांतरण समेत अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत प्रस्तावित इस परियोजना के लिए श्रीनगर तहसील के ग्राम कलियासौड़ में भूमि का चयन किया गया है। यह स्थान ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित है। जीआईएस के माध्यम से भूमि का सर्वेक्षण भी पूरा कर लिया गया है।

योजना के तहत करीब 20×70 मीटर क्षेत्र में दो मंजिला पार्किंग बनाई जाएगी, जिसमें लगभग 100 वाहनों के खड़े होने की क्षमता होगी। परियोजना के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद पार्किंग का आर्किटेक्चरल और स्ट्रक्चरल डिजाइन तैयार कराया जाएगा।

चिह्नित भूमि श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज है और वर्तमान में अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड के प्रबंधन में है। निर्माण से पहले कंपनी से एनओसी लेकर भूमि को जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के पक्ष में हस्तांतरित किया जाना है।

मां धारी देवी मंदिर में सालभर श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्वों के दौरान वाहनों का दबाव बढ़ने से पार्किंग और यातायात संबंधी समस्याएं होती हैं। प्रस्तावित पार्किंग बनने से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित पार्किंग सुविधा मिलेगी और मंदिर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love