‘रैबार उत्तराखण्ड @26’ में यूसीसी, रोजगार, पर्यटन, कृषि और निवेश पर मंथन

IMG-20261115-WA0017

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को आईआरडीटी ऑडिटोरियम में आयोजित ‘रैबार उत्तराखण्ड @26 : मिशन 2047’ कार्यक्रम में प्रबुद्धजनों, विशेषज्ञों और उद्यमियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2047 तक उत्तराखण्ड को विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के रोडमैप पर विचार साझा किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित उत्तराखण्ड का लक्ष्य आर्थिक प्रगति के साथ महिला सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार, बेहतर शिक्षा-स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करना है। उन्होंने यूसीसी को सामाजिक समानता और महिला अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। साथ ही हाउस ऑफ हिमालयाज के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने पर जोर दिया।

38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में खेल अधोसंरचना मजबूत हुई है। वहीं, एप्पल मिशन और महक क्रांति के जरिए किसानों की आय बढ़ाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन और निवेश के अवसर बढ़ाने की बात कही। उन्होंने सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का उल्लेख करते हुए सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित निकालने को सामूहिक प्रयास और प्रशासनिक तत्परता का उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा और चारधाम ऑल वेदर रोड जैसी परियोजनाएं प्रदेश के विकास को नई गति देंगी। मुख्यमंत्री ने प्रबुद्धजनों से अपने सुझाव और अनुभव साझा कर विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love