नमामि गंगे अभियान: हरिद्वार में 100 टन कचरा हटाकर गंगा को बनाया स्वच्छ
हरिद्वार: नमामि गंगे परियोजना और व्यापक सफाई अभियानों से हरिद्वार में गंगा की स्वच्छता को नई गति मिली है। धामी सरकार के प्रयासों से एसटीपी प्लांटों के निर्माण, नालों की टैपिंग और जनसहभागिता के जरिए गंगा को निर्मल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण काम हुआ है।
गंगा बंदी के दौरान हरिद्वार प्रशासन ने व्यापक सफाई अभियान चलाया, जिसमें विभिन्न विभागों, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं और व्यापारिक संगठनों ने भाग लिया। अभियान में 100 टन से अधिक कचरा एकत्र किया गया। इस दौरान घाटों और नदी तटों से प्लास्टिक, पूजा सामग्री और पुराने कपड़ों के अवशेष हटाए गए। गंगा में दोबारा जल प्रवाह शुरू होने के बाद हर की पैड़ी क्षेत्र में नदी का स्वच्छ स्वरूप दिखाई दिया।
सभी 22 नाले एसटीपी से जुड़े
उत्तराखंड पेयजल निगम ने गंगा में गिरने वाले सभी 22 नालों को टैप कर उनकी निकासी एसटीपी प्लांट से जोड़ दिया है। हरिद्वार में 145 एमएलडी क्षमता के पांच एसटीपी प्लांट संचालित हैं। इसके अलावा शिवालिक नगर में एक एसटीपी प्लांट और विभिन्न स्थानों पर आठ सीवरेज पंपिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं।
गंगा की निर्मलता सर्वोच्च प्राथमिकता: CM धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां गंगा की निर्मलता और अविरलता बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नमामि गंगे परियोजना, एसटीपी निर्माण, नालों की टैपिंग और स्वच्छता अभियानों से गंगा की सफाई को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि मां गंगा की पवित्रता बनाए रखने के लिए सरकार के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
