औली में सीजन की पहली बर्फबारी, बदरी-केदार बर्फ से ढके; मसूरी में गिरे ओले

IMG_20261115_215730

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। रविवार को बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में बर्फबारी हुई, जबकि देर शाम औली में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई। वहीं, मसूरी में बारिश के साथ जमकर ओले गिरे। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है।

बदरीनाथ धाम में कपाट बंद होने से एक दिन पहले बर्फबारी हुई। इसके बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे। वहीं, औली में पहली बर्फबारी से पर्यटकों और स्थानीय लोगों में उत्साह है।

मसूरी में रविवार सुबह बूंदाबांदी के साथ ओलावृष्टि हुई। देर शाम फिर बारिश के साथ जमकर ओले गिरे।

16 से 20 नवंबर तक शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 15 नवंबर को पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और 3,200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना थी। वहीं, 16 से 20 नवंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

देहरादून में नवंबर में 10 साल बाद 31.2 डिग्री तापमान

इससे पहले 10 नवंबर को देहरादून में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था। करीब दस साल बाद नवंबर में तापमान इस स्तर पर पहुंचा। इससे पहले 2 नवंबर 2016 को भी इतना ही तापमान दर्ज हुआ था।

वहीं, रात के तापमान में भी अपेक्षित गिरावट नहीं होने से सुबह और शाम को ठंड का असर सामान्य से कम महसूस किया जा रहा है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love