उत्तराखंड में SIR की बढ़ी निगरानी, मंडलायुक्त 15 दिन करेंगे बूथों का निरीक्षण

file_000000000e3082088bfce8ba47ed83ec

देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर निर्वाचन विभाग ने निगरानी और सत्यापन प्रक्रिया तेज कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय में सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दोनों मंडलायुक्तों को अगले 15 दिनों तक आवंटित जिलों में कैंप कर SIR की फील्ड स्तर पर निगरानी करने के निर्देश दिए। आयुक्त कुमाऊं नैनीताल और ऊधमसिंह नगर, जबकि आयुक्त गढ़वाल देहरादून और हरिद्वार में फील्ड विजिट करेंगे।

फील्ड विजिट के दौरान उन बूथों का विशेष सत्यापन किया जाएगा, जहां मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 और नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिलाधिकारी भी बूथों का रैंडम निरीक्षण कर सुपर चेकिंग करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन बूथों पर फॉर्म-6 के आवेदन 4 प्रतिशत से अधिक और फॉर्म-7 के आवेदन 2 प्रतिशत से अधिक हैं, वहां ERO स्तर पर आवेदनों का क्रॉस वेरिफिकेशन किया जाए। साथ ही फॉर्म-6, 7 और 8 से जुड़े सभी दावों और आपत्तियों का नियमानुसार जांच कर तय समय सीमा में निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिमालयन लाइव ब्यूरो