भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, चारधाम यात्रा 2026 संपन्न
चमोली: विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालु धाम में मौजूद रहे। मंदिर को 15 क्विंटल से अधिक फूलों से सजाया गया था। इसके साथ ही चारधाम यात्रा 2026 का भी समापन हो गया।
कपाट बंद होने से पहले भगवान बदरी विशाल की विशेष पूजा-अर्चना की गई। मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी ने वर्ष की अंतिम पूजा संपन्न कर भगवान को माणा गांव की महिलाओं द्वारा तैयार किया गया घृत कंबल ओढ़ाया। इसके बाद रावल ने पारंपरिक स्त्री वेश धारण कर माता लक्ष्मी को मंदिर के गर्भगृह में विराजमान कराया। सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों और जय बदरी विशाल के जयकारों के बीच मंदिर के कपाट बंद किए गए।
17 नवंबर को शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होंगी देव डोलियां
कपाट बंद होने के बाद 17 नवंबर को भगवान उद्धव और कुबेर जी की देव डोलियां योगध्यान बदरी मंदिर, पांडुकेश्वर के लिए रवाना होंगी। वहीं, आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नरसिंह मंदिर पहुंचेगी। शीतकाल के दौरान श्रद्धालु यहां भगवान के दर्शन कर सकेंगे।
23.49 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के आंकड़ों के अनुसार, चारधाम यात्रा 2026 के दौरान अब तक 23 लाख 49 हजार 345 श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। इनमें 14 लाख से अधिक पुरुष, 8 लाख से अधिक महिलाएं और एक लाख से ज्यादा बच्चे शामिल हैं।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
