उत्तराखंड में छह सड़क हादसों से मचा कोहराम, 18 की मौत और 39 घायल

IMG_20261117_170908

देहरादून: उत्तराखंड में मंगलवार का दिन सड़क हादसों के लिहाज से बेहद दर्दनाक रहा। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में छह सड़क दुर्घटनाओं में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 39 लोग घायल हुए हैं। सबसे भीषण हादसा टिहरी जिले के मुनि की रेती क्षेत्र में हुआ, जहां यात्रियों से भरी बस करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई।

टिहरी में चार हादसे, 13 लोगों की मौत

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर पुल के पास हुए बस हादसे में सात लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो ने एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बस में 34 लोग सवार थे, जिनमें 25 घायल हुए हैं।

टिहरी के पावकी देवी क्षेत्र में यूटिलिटी वाहन खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत और सात घायल हो गए। वहीं, शिवपुरी में स्कूटी दुर्घटना में दो युवकों की जान चली गई। घनसाली के चमियाला-बूढ़ाकेदार मार्ग पर स्कूटी और ट्रक की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई।

रुद्रप्रयाग में बोलेरो खाई में गिरी, चार की मौत

रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ क्षेत्र में कंडारा-मोहन मोटर मार्ग पर बोलेरो वाहन खाई में गिर गया। वाहन में 10 लोग सवार थे। रातभर चले रेस्क्यू अभियान में चार लोगों के शव निकाले गए, जबकि छह घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें चार को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।

रुद्रपुर में डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत

रुद्रपुर के गाबा चौक के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में 40 वर्षीय प्रताप की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पीएम मोदी और राष्ट्रपति ने जताया शोक

हादसों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love