बैणी-भुली योजना से पांच लाख महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल, दिसंबर में आएगी पहली किस्त
चमोली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चमोली जिले के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बैणी-भुली योजना के तहत प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जाएगी। योजना की पहली किस्त दिसंबर में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार स्वयं सहायता समूहों, स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने बताया कि सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। वहीं, नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार और 12वीं पास करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कृषि, पर्यावरण संरक्षण, खेल, प्राकृतिक खेती और स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने चमोली जिले में 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 133.59 करोड़ की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16.18 करोड़ की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा हेलंग-डूंगरी बरोसी, गोपेश्वर-पोखरी और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्गों के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा की।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
