पौड़ी के बीरोंखाल में भारी भूस्खलन, मोटरमार्ग बंद; 500 ग्रामीण प्रभावित
पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में भारी बारिश के बीच भूस्खलन की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बीरोंखाल ब्लॉक में मैठाणाघाट-ग्वीन-रसियादेव मोटरमार्ग पर भीषण लैंडस्लाइड से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते यातायात पूरी तरह ठप है।
भूस्खलन का भयावह वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ से चट्टानें और भारी मलबा सड़क पर गिरता दिखाई दे रहा है। गनीमत रही कि घटना के दौरान कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।
बीरोंखाल के पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेश कंडारी के अनुसार, इस मार्ग से कई गांव जुड़े हैं, जहां करीब 500 लोगों की आबादी रहती है। हालांकि, ग्रामीणों के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध है, लेकिन इससे उन्हें करीब 4 से 5 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी।
पीएमजीएसवाई बैजरों के अधिशासी अभियंता पान सिंह बिष्ट ने बताया कि भारी बारिश के कारण लगातार मलबा सड़क पर आ रहा है। मौसम साफ होने के बाद जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया जाएगा और मार्ग को जल्द यातायात के लिए खोलने का प्रयास किया जाएगा।
लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में ग्रामीणों के साथ यात्रियों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
