उत्तराखंड के युवाओं को विदेशों में रोजगार के लिए मिलेगा कौशल और भाषा प्रशिक्षण: CM धामी
देहरादून: उत्तराखंड के युवाओं को वैश्विक स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार अब विदेशों की रोजगार जरूरतों के अनुरूप कौशल और भाषा प्रशिक्षण पर जोर देगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को संबंधित भारतीय मिशनों के साथ नियमित समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी, इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम और जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने मुख्यमंत्री धामी से मुलाकात की। बैठक में तीनों देशों में रोजगार की संभावनाओं, कुशल मानव संसाधन की मांग और उत्तराखंड के युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन देशों में भारतीय कुशल मानव संसाधन की मांग अधिक है, वहां उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी जुटाकर युवाओं को उसी के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाए। उन्होंने कौशल विकास के साथ आवश्यक विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देने और रोजगार की संभावनाओं का आकलन कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जाम्बिया में शिक्षा और कृषि, जमैका में पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा और नर्सिंग, जबकि इथियोपिया में प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स, फार्मास्युटिकल और फ्लोरीकल्चर के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं हैं।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के होम स्टे, फार्मा, उद्योग, आयुर्वेद और वेलनेस क्षेत्र को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है और उन्हें वैश्विक मांग के अनुरूप प्रशिक्षण देकर बेहतर रोजगार अवसरों से जोड़ा जा सकता है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
