उत्तराखंड में ₹1.01 लाख करोड़ का निवेश धरातल पर, GSDP दोगुनी करने का लक्ष्य

IMG-20261021-WA0070

देहरादून: उत्तराखंड सरकार के ‘सशक्त उत्तराखंड 2025–2035’ विजन के तहत प्रदेश में निवेश और रोजगार बढ़ाने के प्रयास तेज हो रहे हैं। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में हुए ₹3.56 लाख करोड़ के समझौतों में से अब तक ₹1.01 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं।

सरकार ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी और ‘निवेश मित्र’ प्रणाली के जरिए परियोजनाओं को गति दे रही है। 30 से अधिक क्षेत्र-विशिष्ट नीतियों के माध्यम से उद्योग, पर्यटन, आयुष, खाद्य प्रसंस्करण और सौर ऊर्जा में निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है।

टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जैसे पर्वतीय जिलों में होमस्टे, स्थानीय उद्योगों और स्वरोजगार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे पलायन पर अंकुश लगाने और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार देने में मदद मिलने की उम्मीद है।

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, चारधाम ऑल-वेदर रोड और देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं से कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावना है। सरकार बड़े उद्योगों के साथ MSME और स्थानीय कारोबारियों को भी प्रोत्साहित कर रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के लिए प्रतिबद्ध है। लक्ष्य वर्ष 2035 तक उत्तराखंड को आत्मनिर्भर और सशक्त राज्य बनाना है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love