उत्तराखंड से 25 हजार कांग्रेसी जाएंगे दिल्ली, राहुल गांधी की महारैली में होंगे शामिल
देहरादून: दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाली कांग्रेस की महारैली में उत्तराखंड से 25 हजार से अधिक कार्यकर्ता और नागरिक शामिल होंगे। देहरादून पहुंचे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता अजय कुमार लल्लू ने यह जानकारी दी।
अजय कुमार लल्लू ने कहा कि महारैली के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे, आगामी चुनाव बैलेट पेपर से कराने और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया रद्द करने की मांग उठाई जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के माध्यम से वास्तविक और पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
लल्लू ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना जरूरी है। उन्होंने पेपर लीक, बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दे भी उठाए। साथ ही उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में सॉफ्टवेयर के जरिए मतदाता अधिकारों से खिलवाड़ किए जाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों, पिछड़े वर्गों के हितों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रखेगी।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
