अवैध निर्माण पर धामी का बड़ा एक्शन प्लान, हर प्राधिकरण में बनेगा निगरानी डैशबोर्ड

HRN82OJaoAAqBAy

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास प्राधिकरणों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई और जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी अब बर्दाश्त नहीं होगी।

अवैध निर्माण पर लगाम लगाने के लिए भौगोलिक सूचना प्रणाली, उपग्रह चित्र और ड्रोन से शुरुआती स्तर पर निगरानी की जाएगी। हर विकास प्राधिकरण में अवैध निर्माण निगरानी डैशबोर्ड बनाया जाएगा, जिसमें संदिग्ध निर्माण से लेकर नोटिस, सीलिंग और ध्वस्तीकरण तक की कार्रवाई की वास्तविक समय जानकारी दर्ज होगी। अधिकारियों की मिलीभगत मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने 15 अक्टूबर तक सौंदर्यीकरण और 15 दिनों में खराब सड़कों की मरम्मत पूरी करने के निर्देश दिए। ऑनलाइन भवन मानचित्र स्वीकृति को सरल और पारदर्शी बनाने के साथ सभी जिला स्तरीय विकास प्राधिकरणों से जोड़ने को कहा।

इसके अलावा सभी शहरों में सिटी पार्क और गुलाबी शौचालय, देहरादून-हरिद्वार में पार्किंग सुविधाओं का विस्तार और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की सूची 15 दिन में तैयार करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने दो से तीन विकास क्षेत्रों में भूमि एकत्रीकरण योजना की पायलट परियोजना शुरू करने और ग्रामीण-अर्द्धशहरी क्षेत्रों में भी नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया।

हिमालयन लाइव ब्यूरो