उत्तराखंड के पारंपरिक आभूषण होंगे ‘लोकल टू ग्लोबल’: CM धामी

IMG-20260906-WA0030

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक आभूषणों और स्वर्णकारों के हुनर को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा। पारंपरिक डिजाइनों को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप विकसित कर ‘लोकल टू ग्लोबल’ का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

सीएम धामी रविवार को राजपुर रोड स्थित होटल में सर्राफ मंडल देहरादून द्वारा आयोजित आभूषण एग्जीबिशन का अवलोकन करने पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनी में विभिन्न आभूषणों और पारंपरिक डिजाइनों को देखा तथा आयोजकों और स्वर्णकार समाज को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्णकार समाज आभूषण बनाने के साथ भारतीय कला, संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी पहलों से स्थानीय कारीगरों को नए अवसर मिल रहे हैं।

पारंपरिक आभूषणों को मिलेगी नई पहचान

सीएम धामी ने कहा कि गढ़वाली नथ, पौंजी, चंपकली हार, कुमाऊंनी गुलोबंद, पिचौरा हार और झूमका जैसे पारंपरिक आभूषणों को राष्ट्रीय और वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्थानीय कारीगरों को कौशल विकास और आर्थिक सहायता के जरिए सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। पारंपरिक आभूषणों के संरक्षण और स्वर्णकारों के कौशल विकास के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

हिमालयन लाइव ब्यूरो