उत्तराखंड खेल विभाग की वेबसाइट का एक्सेस बदला, 3.50 लाख खिलाड़ियों के डाटा पर खतरा

file_000000002424820ea605daa5606272eb

देहरादून: उत्तराखंड खेल विभाग की वेबसाइट, पोर्टल और ऐप का संचालन करने वाली कंपनी पर बिना अनुमति यूजर आईडी, पासवर्ड और एक्सेस बदलने का आरोप लगा है। मामले में आईटी सेल के नोडल अधिकारी आदर्श पंत ने रायपुर थाने में FIR दर्ज कराई है।

विभाग ने खेब टेक स्ट्राटेजी प्राइवेट लिमिटेड को पोर्टल और ऐप विकसित करने व संचालन का जिम्मा दिया था। आरोप है कि कंपनी के सीईओ अंशुल बगई ने विभाग की अनुमति के बिना एक्सेस बदल दिया, जिससे कई योजनाओं का संचालन प्रभावित हुआ।

इनमें सीएम चैंपियंस ट्रॉफी, उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और डिजिटल यूथ फेस्टिवल शामिल हैं। चैंपियंस ट्रॉफी के लिए करीब 3.50 लाख खिलाड़ियों ने आवेदन किया था। कंपनी के पास खिलाड़ियों का डाटा होने से इसके चोरी या दुरुपयोग की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद होगी।

पोर्टल और ऐप को आईटीडीए सर्वर पर अपलोड किया जाना था। विभाग कंपनी को करीब 80 फीसदी भुगतान कर चुका था और शेष भुगतान हैंडओवर के बाद होना था।

रायपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कंपनी को बिना अनुमति एक्सेस बदलने का अधिकार था या नहीं।

हिमालयन लाइव ब्यूरो