CM धामी का बड़ा ऐलान: उत्तराखंड में पर्यावरण मित्रों का जल्द बढ़ेगा मानदेय
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव के अवसर पर देहरादून नगर निगम में आयोजित शोभायात्रा में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत पर्यावरण मित्रों का मानदेय जल्द बढ़ाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस संबंध में शीघ्र बैठक आयोजित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि को नमन करते हुए कहा कि रामायण के माध्यम से उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों को विश्वभर में पहुंचाया। उनके विचार समानता, सामाजिक समरसता और मानवता की प्रेरणा देते हैं।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार भी समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में एससी-एसटी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, निःशुल्क कोचिंग और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अटल आवास योजना के तहत आवासहीन परिवारों को 1.20 लाख रुपये की सहायता तथा अंतरजातीय विवाह और बेटियों के विवाह के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करना और समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर प्रदान करना है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
