उत्तराखंड मौसम अपडेट: दून समेत तीन जिलों में रेड अलर्ट, 57 सड़कें बंद; चारधाम यात्रा स्थगित
देहरादून: उत्तराखंड में लगातार बारिश के बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, पौड़ी और टिहरी के कुछ इलाकों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
बारिश से 57 सड़कें बंद
बारिश और भूस्खलन के चलते प्रदेश में 57 सड़कें बंद हैं। इनमें अल्मोड़ा 2, बागेश्वर 4, चमोली 8, देहरादून 8, नैनीताल 11, पौड़ी 3, पिथौरागढ़ 11, रुद्रप्रयाग 3, टिहरी 5 और उत्तरकाशी की 2 सड़कें शामिल हैं।
हरिद्वार में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से करीब तीन मीटर नीचे है, जबकि रुद्रप्रयाग में अलकनंदा-मंदाकिनी और बागेश्वर में सरयू का जलस्तर भी खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।
रविवार तक चारधाम यात्रा स्थगित
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए चारधाम यात्रा रविवार तक स्थगित कर दी गई है। गढ़वाल आयुक्त के निर्देश के बाद ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड जारी करने का काम भी रोक दिया गया है।
यात्रियों को ट्रांजिट कैंप में रुकने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से स्थानीय निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
