प्रवासी उत्तराखण्डियों के अनुभव और निवेश से प्रदेश को मिलेगी नई गति: CM धामी
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने देशभर से आए प्रवासी उत्तराखण्डियों का स्वागत करते हुए कहा कि वे राज्य की अमूल्य निधि हैं। उनके अनुभव, ज्ञान और संसाधनों से प्रदेश के विकास को नई गति मिल सकती है।
मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर विकास में योगदान देने वाले 30 प्रवासियों का आभार जताया। उन्होंने सभी प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से जुड़े रहने के साथ ही गांवों के विकास में सहयोग करने की अपील की।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड में पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं और 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई है। प्रदेश में 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं, हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से छह करोड़ रुपये से अधिक के स्थानीय उत्पादों की बिक्री हुई है।
उन्होंने कहा कि राज्य में सौंग, जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं के साथ सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है। पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और हेलीपोर्ट निर्माण की दिशा में भी काम हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रवासियों से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन और उद्यमिता के क्षेत्रों में अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता का योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लिए सरकार के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
