देहरादून एलिवेटेड रोड पर विवाद गहराया, 179 मकानों को लेकर NHAI के सर्वे पर सवाल
देहरादून: आशारोड़ी से मोहकमपुर के बीच प्रस्तावित एलिवेटेड रोड का विरोध तेज हो गया है। परियोजना के विरोध में मोहकमपुर-आशारोड़ी एलिवेटेड रोड संघर्ष समिति पिछले 31 दिनों से विधानसभा के सामने धरना दे रही है। समिति का दावा है कि सड़क निर्माण से 179 मकान और निजी भूखंड प्रभावित होंगे, जबकि एनएचएआई ने यह संख्या केवल 64 बताई है।
समिति के संयोजक सुशील कुमार के अनुसार, परियोजना से दीप नगर, शाहनगर, फ्रेंड्स एन्क्लेव, बद्रीपुर, रूपनगर, माजरी और मोहकमपुर समेत कई आवासीय क्षेत्र प्रभावित हो सकते हैं। समिति की मांग है कि सॉलिटेयर होटल से मोहकमपुर तक एलिवेटेड रोड को भी मौजूदा सड़क के ऊपर बनाया जाए, ताकि लोगों के घरों को उजड़ने से बचाया जा सके।
सीएम के आश्वासन के बाद भी काम जारी होने का आरोप
समिति के प्रतिनिधियों ने 7 और 8 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की थी। समिति के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने अजाबपुर से मोहकमपुर के बीच निर्माण कार्य रोकने और वैकल्पिक मार्ग तलाशने का आश्वासन दिया था।
हालांकि, 12 नवंबर को एनएचएआई के परियोजना निदेशक से मुलाकात के दौरान समिति को बताया गया कि काम रोकने का कोई आदेश नहीं मिला है। इस पर समिति ने मुख्यमंत्री के आश्वासन और एनएचएआई के बयान के बीच विरोधाभास पर सवाल उठाए हैं।
समिति ने सांसदों और विधायकों को भी ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की है। साथ ही प्रभावित परिवारों को बेघर होने से बचाने के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार करने की मांग की है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
