उत्तरकाशी: बर्फबारी के बीच उच्च हिमालय में फंसे 136 ट्रेकर, हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू जारी
उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के कारण 136 ट्रेकर, पर्वतारोही और सपोर्ट स्टाफ फंस गए हैं। मौसम में सुधार के बाद प्रशासन ने सोमवार सुबह से हेलीकॉप्टर के जरिए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है। सभी लोगों से सैटेलाइट फोन के माध्यम से संपर्क बनाए रखा जा रहा है।
फंसे लोगों में 89 सदस्य हाई-अल्टीट्यूड एक्सपीडिशन, 18 सदस्य कालिंदी पास बेस कैंप और 29 सदस्य ऑडेन/आडिन्स कोल बेस कैंप में हैं। ये दल सुदर्शन, भागीरथी-II, जोगिन-I, शिवलिंग और अन्य चोटियों पर अभियान के लिए गए थे।
रेस्क्यू में SDRF, पुलिस, वन विभाग, जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन और सेना की टीमें जुटी हैं। ऑडेन कोल क्षेत्र से कुछ लोगों को सुरक्षित निकालकर हर्षिल पहुंचाया गया है, जबकि बाकी लोगों को निकालने का अभियान मौसम अनुकूल रहने तक जारी रहेगा।
जिला प्रशासन ने ट्रेकर्स के लिए भोजन, पानी और चिकित्सा व्यवस्था की है। डॉक्टरों की टीम और एंबुलेंस भी तैयार रखी गई हैं। राज्य स्तर पर भी रेस्क्यू अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है।
बागेश्वर में भी 43 ट्रेकर मौसम खराब होने के कारण प्रभावित हुए हैं। इस तरह उत्तराखंड में कुल 179 ट्रेकर/पर्वतारोही और सपोर्ट स्टाफ प्रभावित बताए गए हैं।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
