NEET UG फर्जी सर्टिफिकेट केस में दो और गिरफ्तार, अब तक 5 आरोपी पकड़े गए

1200-675-27739132-thumbnail-16x9-kjhj

देहरादून: उत्तराखंड में NEET UG 2025 के जरिए MBBS में फर्जी दस्तावेजों से दाखिले के मामले में देहरादून पुलिस की एसआईटी ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय कुमार और गिरीश सिंह के रूप में हुई है। इस मामले में अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को रायपुर और क्लेमेंटाउन थाने में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने के मामले में मुकदमे दर्ज हुए थे। जांच में अभ्यर्थियों के दस्तावेज और कई पते फर्जी पाए गए।

जांच के दौरान एसआईटी ने दस्तावेजों और संबंधित शिक्षण संस्थानों के रिकॉर्ड का सत्यापन किया। इसके बाद पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संजय कुमार और गिरीश सिंह को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों पर तीन अभ्यर्थियों के फर्जी आधार कार्ड, डोमिसाइल और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रमाण पत्र तैयार कराने में सहयोग करने और इन दस्तावेजों के जरिए मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलाने के बदले पैसे लेने का आरोप है।

इस मामले में पहले रुपेश पंडित, अरविंद कुमार और धीरज कुमार श्रीवास्तव गिरफ्तार हो चुके हैं। एसआईटी मामले की आगे जांच कर रही है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो