उत्तराखंड में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 72.78 लाख वोटर शामिल; 11 दिसंबर तक दर्ज कराएं आपत्तियां

IMG-20261113-WA0063

देहरादून: उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान के तहत 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। इसमें प्रदेश के कुल 72,78,035 मतदाता शामिल हैं।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि सूची में 37,93,373 पुरुष, 34,84,447 महिला और 215 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। इसके अलावा 86,028 सर्विस वोटर भी पंजीकृत हैं। प्रदेश में कुल 12,498 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के दौरान 1,25,216 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि फार्म-7 के तहत प्राप्त 6,130 आवेदनों का निस्तारण किया गया।

ड्राफ्ट मतदाता सूची को निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट ceo.uk.gov.in पर देखा जा सकता है।

18 साल पूरे करने वाले भी कर सकते हैं आवेदन

जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है या जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे 11 दिसंबर 2026 तक फार्म-6 के जरिए ऑनलाइन या बीएलओ के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज होंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।

गौरतलब है कि 3 अक्टूबर को प्रकाशित SIR की अंतिम मतदाता सूची में 71,58,949 मतदाता शामिल थे।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love