हल्द्वानी में नाबालिग से दुष्कर्म, छात्र नेता समेत चार आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ होटल में सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक छात्र संघ अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ चुका है।
पुलिस के मुताबिक, मामला मुखानी थाना क्षेत्र का है। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि 12 नवंबर की रात चार युवक उसे बहला-फुसलाकर और डराकर मुखानी स्थित एक होटल में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद पीड़िता की तबीयत बिगड़ गई और वह किसी तरह घर पहुंची। परिजनों को आपबीती बताने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गौनी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गैंगरेप की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छह घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी हल्द्वानी के कथित आईटीआई गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। मामले में एक आरोपी के छात्र राजनीति से जुड़े होने की बात भी सामने आई है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
