जौलजीबी मेले का CM धामी ने किया शुभारंभ, 102.72 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात

IMG_20261114_184137

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्र में काली और गोरी नदियों के संगम पर ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद को 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 24 योजनाओं का शिलान्यास और एक योजना का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और व्यापारिक संबंधों का प्रतीक है। यह मेला सदियों से दोनों देशों के लोगों को जोड़ने के साथ स्थानीय लोकसंस्कृति, परंपराओं और व्यापार को बढ़ावा दे रहा है।

उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर विकसित किए जा रहे हैं।

प्रमुख योजनाओं में 23.26 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ में नए सर्किट हाउस का निर्माण, 13.38 करोड़ की घाट पंपिंग पेयजल योजना, 36.10 करोड़ की खोतिला एवं घाटधार बाढ़ सुरक्षा योजना और 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर पुल का निर्माण शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग और हिमालय दर्शन शेड से जुड़े कार्यों का लोकार्पण भी किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों और स्थानीय उत्पादों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। मेले में भारत और नेपाल के व्यापारियों की सहभागिता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love