केदारनाथ रोपवे परियोजना में आएगी तेजी, मुख्य सचिव ने दिए जल्द काम शुरू करने के निर्देश
देहरादून: उत्तराखंड में केदारनाथ रोपवे परियोजना को गति देने के लिए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को सचिवालय में उत्तराखंड रोपवे डेवलपमेंट लिमिटेड के निदेशक मंडल की बैठक में परियोजना की समीक्षा की गई और विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
मुख्य सचिव ने वन स्वीकृति से जुड़े प्रस्ताव जल्द पोर्टल पर अपलोड करने और प्रतिपूरक वनीकरण के लिए चिह्नित भूमि का पुनः सत्यापन कराने को कहा। उन्होंने राजस्व भूमि पर प्रस्तावित टावरों की नींव का काम शुरू करने, यूटिलिटी शिफ्टिंग में तेजी लाने और निर्माण कार्यों की समयसीमा तय करने के निर्देश दिए।
बैठक में गौरीकुंड और सोनप्रयाग के आसपास पार्किंग, जनसुविधाओं और आवासीय सुविधाओं के विकास की योजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने यात्रा के व्यस्त समय में श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
परियोजना से जुड़े भूमि और वन स्वीकृति संबंधी मामलों के समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित जिलाधिकारियों और प्रभागीय वनाधिकारियों (डीएफओ) को भी आगामी बैठकों में शामिल करने को कहा गया।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
