बदरीनाथ से देहरादून आ रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ में क्रैश, पायलट समेत 6 की मौत

HV3_zIabMAAJH-z

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को जोशीमठ के पास एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई। चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने इसकी पुष्टि की है। हेलीकॉप्टर में सवार पांच यात्री बेंगलुरु के निवासी थे, जबकि पायलट दिल्ली का रहने वाला था।

जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी। कुछ देर बाद जोशीमठ घाटी में हाथी पर्वत के पास हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। बाद में चाई गांव के पास मारवाड़ी पुल के ऊपर जेपी पावर हाउस के नजदीक पहाड़ी पर हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की सूचना मिली।

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी घटना पर दुख जताते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर स्काई पल्स कंपनी का था, जिसे चार्टर उड़ानों के लिए शिव भोले ट्रेवल मार्ट को दिया गया था। हेलीकॉप्टर के संचालन और रखरखाव में अलग-अलग कंपनियां शामिल थीं। हादसे के बाद एहतियातन ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love