देहरादून में बेरोजगार युवाओं का सचिवालय कूच, 16 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन
देहरादून: सरकारी नौकरियों में भर्ती की मांग को लेकर शुक्रवार को सैकड़ों बेरोजगार युवाओं ने उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले सचिवालय कूच किया। युवाओं ने परेड ग्राउंड से मार्च निकाला, लेकिन पुलिस ने सुभाष रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने पुलिस कांस्टेबल, फॉरेस्ट गार्ड, बंदी रक्षक, सचिवालय रक्षक और आबकारी सिपाही समेत सभी वर्दीधारी पदों पर जल्द भर्ती विज्ञप्ति जारी करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों का चयन हो रहा है, जबकि उत्तराखंड के युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
लंबित परीक्षा परिणाम जारी करने की मांग
बेरोजगार संघ ने वन दरोगा, सहायक अध्यापक, प्रवक्ता और प्राथमिक शिक्षक के पदों पर नई भर्ती निकालने के साथ ही UKPSC और UKSSSC की लंबित परीक्षाओं के परिणाम जल्द जारी करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सचिव कार्मिक एवं सतर्कता और अपर सचिव कार्मिक नवनीत पांडे से मुलाकात की। अधिकारियों की ओर से युवाओं को लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद बेरोजगारों ने फिलहाल अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
