PM किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी, उत्तराखंड के किसानों को मिले ₹161.96 करोड़

IMG-20261030-WA0023

देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑडिटोरियम में आयोजित पीएम-किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इसके तहत उत्तराखंड के 8.08 लाख से अधिक किसानों के खातों में 161.96 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए।

प्रधानमंत्री ने देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में कुल 18,690 करोड़ रुपये जारी किए। मुख्यमंत्री धामी ने किसानों को बधाई देते हुए कहा कि यह योजना किसानों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में नहरों से सिंचाई निःशुल्क की गई है और किसानों के लिए बजट में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं, 115 करोड़ रुपये के निवेश से 350 से अधिक आधुनिक पॉलीहाउस तैयार किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि सरकार सेब, कीवी, ड्रैगन फ्रूट और मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा दे रही है। इसके अलावा एक हजार करोड़ रुपये की क्लाइमेट रिस्पॉन्सिव रेन-फेड फार्मिंग परियोजना को मंजूरी दी गई है। महक क्रांति नीति के तहत सात एरोमा वैली विकसित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुपूरक बजट में धान और गेहूं खरीद के लिए 1,100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में लैवेंडर और डेंडेलियन जैसी सुगंधित एवं औषधीय फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसानों की आय और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love