उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल, परिवहन मंत्री ने बुलाई अहम बैठक
देहरादून: उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल से प्रदेश में परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के बीच सरकार सक्रिय हो गई है। कर्मचारियों और निगम प्रबंधन के बीच वार्ता विफल होने के बाद शुक्रवार सुबह से कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। त्योहारी सीजन में बसों का संचालन प्रभावित होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
हड़ताल खत्म कराने और कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनाने के लिए परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने शनिवार को आपात बैठक बुलाई है। उत्तराखंड परिवहन निगम की ओर से जारी पत्र के अनुसार, बैठक शनिवार दोपहर तीन बजे यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास आर-02 में आयोजित होगी।
बैठक में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन, उत्तराखंड रोडवेज इंप्लाइज यूनियन और उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ के प्रतिनिधि शामिल होंगे। सभी कर्मचारी संगठनों से अधिकतम दो-दो पदाधिकारियों को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में कर्मचारी संगठनों की मांगों पर चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। अब सभी की नजर शनिवार को होने वाली वार्ता पर है। बैठक में सहमति बनने पर हड़ताल समाप्त होने की उम्मीद है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
