उत्तराखंड के युवाओं के लिए खुलेंगे विदेशों में रोजगार के रास्ते, सरकार ने तैयार की योजना
देहरादून: उत्तराखंड के युवाओं को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और विदेशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित स्टेट स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में इस संबंध में विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में स्पेक्ट्रम टैलेंट मैनेजमेंट लिमिटेड ने प्रदेश में रोजगार के अवसर विकसित करने और युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार से जोड़ने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। मुख्य सचिव ने कंपनी को रोजगार सृजन, रेवेन्यू मॉडल, कौशल प्रशिक्षण और प्लेसमेंट की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि युवाओं और महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए बाजार की मांग के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए अनुभवी प्रशिक्षकों की व्यवस्था करने और प्रशिक्षण के बाद रोजगार सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुख्य सचिव ने सभी गतिविधियों के लिए समयसीमा निर्धारित कर कार्ययोजना तैयार करने तथा संबंधित विभागों और हितधारकों के साथ वर्कशॉप आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही कंपनी को प्रस्ताव के लिए नेशनल स्टीयरिंग कमेटी से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त करने को कहा।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
