उत्तराखंड कौथिक-2026: CM धामी ने लोक संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर दिया जोर

IMG_20261031_211516

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के रेंजर्स कॉलेज ग्राउंड में आयोजित उत्तराखंड कौथिक-2026 में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकभाषाएं, लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक वेशभूषा उत्तराखंड की पहचान हैं, जिन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ विरासत के संरक्षण पर भी काम कर रही है। ‘एक जनपद-दो उत्पाद’ और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसी पहलों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार और पहचान दिलाई जा रही है। वहीं, पर्यटन, होम-स्टे, कृषि और स्वरोजगार को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में ‘लखपति दीदी’ अभियान के तहत 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बना रही हैं।

सीएम धामी ने कहा कि पलायन निवारण आयोग की रिपोर्ट के अनुसार उत्तराखंड में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यटन, आयुष, आईटी और सौर ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love