उत्तराखंड: आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जल्द बहाल होंगी सड़कें, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं
देहरादून: उत्तराखंड में आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला और लेफ्टिनेंट कर्नल रघुवीर सिंह भंडारी ने सभी जनपदों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आपदा से हुए नुकसान और राहत एवं पुनर्बहाली कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में बंद सड़कों को जल्द खोलने, क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं को दुरुस्त करने और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि पुनर्निर्माण कार्यों के प्रस्ताव सभी औपचारिकताएं पूरी कर जल्द शासन को भेजें, ताकि स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू किया जा सके।
इसके अलावा, आपदा से क्षतिग्रस्त स्कूल भवनों, पेयजल, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मरम्मत शीघ्र कराने को कहा गया, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत में तेजी लाने के साथ ही हाल में हुई ओलावृष्टि से कृषि एवं अन्य क्षेत्रों में हुए नुकसान का जल्द आकलन करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अधिकारियों को प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत एवं सहायता पहुंचाने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर पुनर्बहाली कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
