वैली ऑफ फ्लावर्स शीतकाल के लिए बंद, इस साल 35 हजार से अधिक पर्यटकों ने किया दीदार
चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी नेशनल पार्क के प्रवेश द्वार 31 अक्टूबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही वर्ष 2026 के पर्यटन सीजन का समापन हो गया। इस बार फूलों की घाटी में पर्यटकों की रिकॉर्ड आमद दर्ज की गई। देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता और रंग-बिरंगे फूलों का दीदार करने पहुंचे।
पार्क प्रशासन के अनुसार, इस वर्ष 1 जून से 31 अक्टूबर तक कुल 35,261 पर्यटकों ने फूलों की घाटी का भ्रमण किया। पर्यटकों की इस रिकॉर्ड संख्या से पार्क प्रशासन को 66,96,400 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। खास बात यह रही कि इस वर्ष घाटी में विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पर्यटन सीजन के अंतिम दिन पार्क प्रशासन की टीम ने स्वयं घाटी का भ्रमण किया और वापस लौटने के बाद घांघरिया स्थित फूलों की घाटी के मुख्य प्रवेश द्वार को बंद कर दिया। फूलों की घाटी हर साल 1 मई को पर्यटकों के लिए खोली जाती है, जबकि 31 अक्टूबर को शीतकाल के मद्देनजर इसे बंद कर दिया जाता है।
हालांकि, पर्यटकों के लिए प्रवेश बंद होने के बाद भी पार्क प्रशासन की गतिविधियां जारी रहेंगी। शीतकाल के दौरान पार्क कर्मियों की ओर से घाटी में लंबी दूरी की गश्त की जाएगी, ताकि वन्यजीवों और प्राकृतिक संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
