उत्तराखंड: त्योहारी सीजन में मिठाई की दुकानों पर खाद्य विभाग की छापेमारी तेज

IMG_20261103_200718

देहरादून: त्योहारों के मद्देनजर उत्तराखंड खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए मिठाई की दुकानों और बेकरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर देहरादून, विकासनगर, हरबर्टपुर और ऋषिकेश में छापेमारी अभियान चलाया गया।

इस दौरान मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण और अवसान तिथि अंकित नहीं मिलने पर कुछ प्रतिष्ठानों के खिलाफ चालानी कार्रवाई शुरू की गई। वहीं, गुणवत्ता को लेकर संदेह के आधार पर घी और विभिन्न मिठाइयों के कुल नौ विधिक नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेजे गए।

अभियान के दौरान ओम पाल स्वीट्स एवं डेयरी और हरबर्टपुर की एक मिठाई की दुकान पर नियमों का उल्लंघन पाया गया। इसके अलावा अशोक बेकर्स से रसगुल्ला और पेड़ा के नमूने लिए गए। ऋषिकेश से बेसन के लड्डू, मिल्क केक, पेड़ा और ड्राई फ्रूट स्वीट्स के नमूने एकत्र किए गए।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना ने बताया कि मिठाई विक्रेताओं को ट्रे पर निर्माण और अवसान तिथि स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए गए हैं। आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने कहा कि त्योहारों में उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रदेशभर में यह अभियान जारी रहेगा।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love