‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ का रोडमैप जारी, ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ भी हुआ लॉन्च

IMG-20261102-WA0017

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ का शुभारंभ और ‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि इन पहलों से सुशासन मजबूत होगा और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक आसानी से पहुंचेगा।

देवभूमि परिवार पोर्टल पर प्रदेश के परिवारों का एकीकृत डिजिटल डेटाबेस तैयार किया जाएगा। पंजीकरण के बाद प्रत्येक परिवार को विशिष्ट आईडी मिलेगी। इससे योजनाओं के लाभार्थियों की पहचान आसान होगी और लोगों को बार-बार दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

वहीं, विकसित उत्तराखंड विजन-2047 में लगभग 440 संकेतकों के आधार पर विकास के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत वर्ष 2047 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 28 लाख करोड़ रुपये और प्रतिव्यक्ति आय को 20 लाख रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य है। बेरोजगारी दर को 3.5 प्रतिशत तक कम करने का भी लक्ष्य रखा गया है।

विजन में कृषि, पर्यटन, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी गई है। साथ ही स्थापित ऊर्जा क्षमता को 22 हजार मेगावाट और वन आच्छादन को 46.6 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का विकास प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड विकसित भारत के संकल्प में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love