केदारताल ट्रेक पर हिमस्खलन: दो शव बरामद, छह ट्रेकर्स अब भी लापता
उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रेक पर हिमस्खलन की चपेट में आकर लापता हुए आठ लोगों में से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं। मंगलवार, 3 नवंबर को चलाए गए सर्च अभियान में एक महिला और एक पुरुष पर्वतारोही का शव मिला। हालांकि, छह अन्य लापता लोगों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। उनकी तलाश के लिए बुधवार को दोबारा अभियान चलाया जाएगा।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे एसडीआरएफ, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) और अन्य रेस्क्यू एजेंसियों ने तलाशी अभियान शुरू किया। दोपहर करीब तीन बजे तक चले अभियान के बाद टीम बेस कैंप लौट आई। बरामद शवों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
लापता लोगों में पश्चिम बंगाल के पांच ट्रेकर्स, उत्तर प्रदेश की दो महिला ट्रेकर्स और उत्तरकाशी का स्थानीय गाइड शामिल हैं। रेस्क्यू अभियान को गति देने के लिए घटनास्थल के पास समुद्र तल से करीब 4005 मीटर की ऊंचाई पर वैकल्पिक हेलीपैड भी तैयार किया जा रहा है।
गौरतलब है कि 27 अक्टूबर को सात ट्रेकर्स और छह सपोर्टिंग स्टाफ सहित 13 सदस्यीय दल गंगोत्री से केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। खराब मौसम और हिमस्खलन के कारण दल के सदस्य रास्ते में फंस गए थे। 30 अक्टूबर से शुरू हुए रेस्क्यू अभियान में अब तक तीन पोर्टर और एक कुक को सुरक्षित बचाया जा चुका है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
