केदारताल में 8 लापता ट्रैकर्स की तलाश जारी, 4000 मीटर की ऊंचाई पर मिला टेंट और बैग
देहरादून: उत्तरकाशी के केदारताल ट्रैक पर लापता सात ट्रैकर्स और एक गाइड की तलाश में SDRF, उत्तराखंड पुलिस और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) का सर्च ऑपरेशन जारी है। करीब 4,000 मीटर की ऊंचाई पर केदार खड़क के समीप लापता ट्रैकर्स का टेंट और कुछ अन्य सामान बरामद हुआ है। इसके अलावा एक बैग भी मिला है, लेकिन अभी तक आठों लोगों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
SDRF की एडवांस टीम दुर्गम परिस्थितियों में तलाशी अभियान चला रही है। क्षेत्र में लगातार बर्फबारी और खराब मौसम के कारण रेस्क्यू में मुश्किलें आ रही हैं। सुरक्षा को देखते हुए टीम ने मौके पर कैंप स्थापित कर लिया है। मौसम अनुकूल होने पर दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।
27 अक्टूबर को रवाना हुआ था 13 सदस्यीय दल
जिला प्रशासन के अनुसार, 27 अक्टूबर को सात ट्रैकर्स और छह सपोर्टिंग स्टाफ समेत 13 लोगों का दल गंगोत्री से केदारताल ट्रैक के लिए रवाना हुआ था। 29 अक्टूबर को उनकी वापसी निर्धारित थी, लेकिन खराब मौसम के कारण दल फंस गया।
30 अक्टूबर को ट्रैकिंग एजेंसी से संपर्क के बाद भेजी गई रेस्क्यू टीम को कच्छी ढांग के पास तीन पोर्टर और एक कुक सुरक्षित मिले, जबकि सात ट्रैकर्स और एक गाइड के भोज खड़क से आगे हिमस्खलन प्रभावित क्षेत्र में फंसे होने की जानकारी मिली।
इसके बाद NIM और SDRF की विशेष टीमों को हेलीकॉप्टर से केदारताल भेजा गया। फिलहाल दोनों टीमें लापता आठ लोगों की तलाश में जुटी हैं।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
